Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Open Firing: सेक्टर-11 में दिनदहाड़े फायरिंग, मेडिकल स्टोर कर्मचारी की मौत

हमलावरों ने 16 राउंड गोलियां बरसाईं, पुलिस जांच में जुटी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में कुमार मेडिकोज़ के बाहर पुलिस। ट्रिब्यून फ़ोटो: रवि कुमार
Advertisement

Open Firing: शहर के पॉश सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने एक मेडिकल स्टोर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के निवासी एवं सरपंच जानकी के रूप में हुई है, जो सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल में कैशियर के तौर पर कार्यरत थे।

दोपहर करीब 3 बजे एक्टिवा पर सवार हमलावर मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे और जानकी पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 16 राउंड फायर किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

Advertisement

घटना के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएसपी दलबीर सिंह भिंडर, सेक्टर-11 थाना प्रभारी जसपाल सिंह भुल्लर, एजीटीएफ थाना प्रभारी हरिंदर सिंह सेखों, इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह सहित क्राइम ब्रांच और डीसीसी की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि मृतक का हिमाचल प्रदेश में किसी विवाद को लेकर पहले भी झगड़ा हुआ था और उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

बताया जा रहा है कि मृतक को पूर्व में धमकियां भी मिली थीं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

मौके पर मचा हड़कंप

दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सेक्टर-11 क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। घटना स्थल से कुछ दूरी पर पुलिस नाका होने के बावजूद हमलावरों के फरार हो जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Advertisement
×