Weather Update: साल के पहले दिन चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली में बारिश की फुहार, पंजाब-हरियाणा में भी छाए बादल
Weather Update: साल 2026 के पहले दिन चंडीगढ़ में हल्की बारिश आ रही है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और बादलों का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदले...
Weather Update: साल 2026 के पहले दिन चंडीगढ़ में हल्की बारिश आ रही है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और बादलों का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदले मौसम के चलते ठंड का असर और बढ़ गया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि उत्तर भारत में पिछले करीब दो सप्ताह से घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। उन्होंने कहा कि नववर्ष के दिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि दिन के समय भी ठंड का प्रकोप जारी रह सकता है।
इस बीच, स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में बताया कि पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बुधवार रात से लेकर नये साल के दिन तक दिल्ली और एनसीआर में बहुत हल्की और छिटपुट बारिश की मामूली संभावना है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है, तो यह इस मौसम की पहली बारिश होगी।
महेश पलावत के अनुसार, तीन जनवरी से शीत लहर की स्थिति बन सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरने की आशंका है। हिमालयी क्षेत्र से आने वाली ठंडी उत्तरी हवाओं के दिल्ली की ओर बढ़ने से ठंड और तेज हो सकती है।
बुधवार को घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता के स्तर में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। आईएमडी के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम की स्थिति को स्पष्ट करते हुए डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि इस समय एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिनों तक दिल्ली में घना से बहुत अधिक घना कोहरा छाया रह सकता है। नये साल के दिन दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। (एजेंसी के इनपुट के साथ)

