नंबर लीक, कार डिटेल्स पब्लिक... मुझे खुलेआम धमकियां मिलीं; ‘द साबरमती रिपोर्ट’ के बाद विक्रांत मैसी ने याद किया मुश्किल दौर
‘द साबरमती रिपोर्ट’ के बाद विक्रांत मैसी को मिली धमकियां
The Sabarmati Report : अभिनेता विक्रांत मैसी ने फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की रिलीज के बाद सामने आई ऑनलाइन ट्रोलिंग, गालियों और धमकियों को लेकर खुलकर बात की है। शेखर सुमन के यूट्यूब शो ‘शेखर टुनाइट’ में बातचीत के दौरान अभिनेता ने बताया कि फिल्म को लेकर उन्हें काफी विरोध का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी निजी जानकारियां भी ऑनलाइन साझा कर दी गई थीं और उन्हें खुले तौर पर धमकियां मिली थीं।
‘मुझे बहुत कुछ सुनना पड़ा’
विक्रांत ने बताया कि ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को लेकर कुछ लोगों ने इसे ‘प्रोपेगेंडा’ कहा। फिल्म गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगाए जाने की घटना पर आधारित थी। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म करने को लेकर उन्हें काफी दुर्व्यवहार झेलना पड़ा। उनका व्हाट्सऐप नंबर और कार नंबर तक ऑनलाइन लीक कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस पूरे दौर का असर उन पर इसलिए भी ज्यादा पड़ा क्योंकि उस समय उनका बेटा सिर्फ छह महीने का था। निजी जिंदगी के इस संवेदनशील दौर में लगातार मिल रही धमकियों और नफरत ने उन्हें मानसिक तौर पर काफी प्रभावित किया।
परिवार से दूर रहने का दर्द
विक्रांत मैसी ने अपने करियर के उस दौर को भी याद किया, जब ‘12th Fail’, ‘Sector 36’ और ‘The Sabarmati Report’ जैसी फिल्मों ने उन्हें नई पहचान दिलाई। करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन इसी दौरान वह परिवार से दूर रहने लगे थे।
अभिनेता ने कहा कि सफलता मिलने के बावजूद उनके भीतर एक खालीपन था। खासकर बेटे के साथ वक्त न बिता पाने का उन्हें मलाल रहने लगा था। उन्होंने बताया कि जब बेटे ने पहली बार ‘पापा’ कहना शुरू किया और वह उस पल का हिस्सा नहीं बन पाए, तो वह भावुक होकर रो पड़ते थे।
सफलता की कीमत पर उठाया सवाल
विक्रांत ने कहा कि उन्होंने सफलता की इच्छा जरूर की थी, लेकिन एक समय उन्हें खुद से सवाल करना पड़ा कि आखिर इस सफलता की कीमत क्या है। इसी सोच के बीच उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेने का फैसला किया।
हालांकि, समय के साथ अभिनेता ने ऑनलाइन नफरत और धमकियों को अलग नजरिए से देखना सीखा। उन्होंने कहा कि आखिरकार उन्हें अपने लोगों और परिवार के प्रति जिम्मेदारी ज्यादा महत्वपूर्ण लगी। विक्रांत मैसी हाल ही में नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द मुसाफिर कैफे’ में नजर आए हैं।

