जिले में गिरदावरी की पड़ताल एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करने निकले उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कार्य में लापरवाही पाए जाने पर एक पटवारी को चार्जशीट करने और एक प्रशिक्षु पटवारी को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जानकारी के मुताबिक उपायुक्त ने प्रात: 8 बजे से विभिन्न गांवों का दौरा किया और लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर खेतों में पहुंचकर प्रत्येक खसरे का मिलान किया। निरीक्षण के दौरान पटवारी द्वारा दर्ज प्रविष्टियों और मौके पर मौजूद फसलों में विसंगतियां पाई गईं। इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने हल्का काजमपुर, तहसील रायपुररानी के पटवारी अमित को तत्काल प्रभाव से चार्जशीट करने के लिए जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षु पटवारी मीनाक्षी को डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूर्ण न करने पर शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।शर्मा ने सर्वप्रथम गांव भूड़, तहसील रायपुररानी में गिरदावरी की पड़ताल की । इसके उपरांत उन्होंने वहां संचालित एक स्क्रीनिंग प्लांट का भी औचक निरीक्षण कर सरकार द्वारा जारी एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक बरवाला के गांव टाबर, सुल्तानपुर तथा कोट में भी गिरदावरी की गहन जांच की। इस अवसर पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, तहसीलदार सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।