NEET UG Re Exam Chandigarh: नीट-यूजी परीक्षा 21 को, चंडीगढ़ में 7 केंद्रों पर 3800 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम
NEET UG Re Exam Chandigarh: डीसी निशांत कुमार यादव ने दी जानकारी, केंद्रों पर जैमर और दोहरे स्तर की चेकिंग के साथ सीएपीएफ की रहेगी कड़ी निगरानी
NEET UG Re Exam Chandigarh: चंडीगढ़ में 21 जून को होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए शहर के स्कूलों में सात केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3,800 परीक्षार्थी इस मेडिकल और डेंटल प्रवेश परीक्षा में बैठेंगे। चंडीगढ़ के उपायुक्त (डीसी) निशांत कुमार यादव ने शुक्रवार को परीक्षा को लेकर किए गए सुरक्षा और अन्य प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए सीएपीएफ तैनात
परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री और प्रश्नपत्रों को संबंधित बैंक से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। केंद्र अधीक्षक की देखरेख में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हर स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल को रोकने के लिए सभी सात केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक जैमर लगाए गए हैं, ताकि मोबाइल या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग न हो सके।
प्रवेश पर होगी दोहरे स्तर की चेकिंग
परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले दोहरे स्तर की चेकिंग (फ्रिस्किंग) से गुजरना होगा। पहले स्तर की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी, जबकि दूसरे स्तर की जांच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा नियुक्त एक विशेष पेशेवर एजेंसी करेगी। इसके अलावा, केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पीने का पानी, बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली-रोशनी, वेंटिलेशन और साफ-सफाई जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मजिस्ट्रेट रखेंगे पूरी प्रक्रिया पर नजर
पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा के दिन अपना एडमिट कार्ड और एक वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं। साथ ही, परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने संबंधित केंद्रों पर रिपोर्ट करें।

