आईईसी विश्वविद्यालय की प्रतिभावान छात्रा नैंसी ठाकुर ने हाल ही में प्रसिद्ध रियलिटी टीवी शो ‘इंडिया टैलेंट फाइट सीजन-5’ में प्रथम रनर-अप का खिताब जीतकर न केवल अपने विश्वविद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। नैंसी ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और शानदार एक्टिंग एवं डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों और जजों को प्रभावित किया।
आईईसी विश्वविद्यालय के पब्लिक रिलेशन अधिकारी विजय ठाकुर ने बताया कि नैंसी फिजियोथेरेपी विभाग की छात्रा हैं और वर्तमान में पंजाब फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिंग और डांस के क्षेत्र में सक्रिय हैं। नैंसी अपने माता-पिता संजीव ठाकुर और सोनू देवी के साथ हाउसिंग बोर्ड फेज-3, बद्दी में रहती हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अपनी कला को निखारने के लिए बद्दी के “स्वैगर डांस स्टूडियो” में प्रशिक्षण लिया।
विजय ठाकुर ने कहा कि इस सफलता से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि आईईसी विश्वविद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है और उन्हें उद्योग-आधारित शिक्षा और वैश्विक सफलता के लिए तैयार करता है।
इस उपलब्धि पर नैंसी के माता-पिता और विश्वविद्यालय के शिक्षक गर्वित हैं। नैंसी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित किया कि सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के साथ कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

