विरासत फेस्ट 2026 का समापन इस बार सचमुच यादगार बन गया, जब गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज, सेक्टर-32 का कैंपस संगीत, ऊर्जा और उत्साह के रंगों में डूब गया। दो दिनों तक चला यह फेस्ट अपने अंतिम दिन एक भव्य कॉन्सर्ट में तबदील हो गया, जहां मशहूर पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल की धमाकेदार प्रस्तुति ने माहौल को चरम पर पहुंचा दिया। जैसे ही गिप्पी ग्रेवाल मंच पर आए, हजारों छात्रों की भीड़ झूम उठी और पूरा कैंपस तालियों और उत्साह से गूंजने लगा। हर तरफ सिर्फ संगीत, मस्ती और जश्न का माहौल नजर आया। ग्रैंड फिनाले में ‘मिस विरासत’ और ‘मिस्टर विरासत’ के खिताबों ने कार्यक्रम में ग्लैमर का तड़का लगाया। अनमोल ने ‘मिस्टर विरासत’ और भगवान कौर ने ‘मिस विरासत’ का ताज अपने नाम किया। वहीं रुद्र और दीक्षा ‘मिस्टर’ और ‘मिस इनसाइट’ बने, जबकि अक्षत और सीमिता ‘मिस्टर’ और ‘मिस रीगल’ घोषित किए गए। कार्यक्रम के दौरान शिवा चौधरी की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का उत्साह चरम पर बनाए रखा।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चंडीगढ़ प्रशासन की शिक्षा व खेल सचिव प्रेरणा पुरी ने शिरकत की। उन्होंने आयोजन के भव्य स्तर, छात्रों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायक सांस्कृतिक मंच बताया। कॉलेज के प्रिंसिपल ने कहा कि दो दिनों तक चला यह उत्सव छात्रों की प्रतिभा और ऊर्जा का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उन्होंने कहा कि विरासत फेस्ट ने एक बार फिर साबित किया है कि सांस्कृतिक मंच पूरे कैंपस को एकजुट कर रचनात्मकता का उत्सव बना सकते हैं। संगीत की गूंज, चेहरे पर मुस्कान और दिलों में उमंग के साथ विरासत फेस्ट 2026 का समापन हुआ।