24 घंटे में दूसरी हत्या से दहला मौलीजागरां, 15 वर्षीय किशोर की पंच से हमला कर हत्या
मौलीजागरां क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार देर रात हुई हत्या के 24 घंटे के भीतर सोमवार रात एक और युवक की हत्या कर दी गई। इस बार सुंदर नगर...
मौलीजागरां क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार देर रात हुई हत्या के 24 घंटे के भीतर सोमवार रात एक और युवक की हत्या कर दी गई। इस बार सुंदर नगर पार्क में 15 वर्षीय किशोर पर तेजधार हथियार 'पंच' से हमला कर उसकी जान ले ली गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान मौलीजागरां पार्ट-2 स्थित सुंदर नगर निवासी अमित (15) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात पार्क में किसी बात को लेकर अमित का तीन युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने अमित पर पंच से हमला कर दिया। हमले में उसके कान के पीछे गंभीर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही मौलीजागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे पहले रविवार देर रात फौजी पार्क में 26 वर्षीय आशीष की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार दूसरी हत्या की घटना ने मौलीजागरां क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है तथा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
