Mohali: गुरविंदर सिंह हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक और कार बरामद
Gurvinder Singh Murder Case: मोहाली जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर 28 जनवरी को हुए गुरविंदर सिंह हत्याकांड में एसएएस नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ...
Gurvinder Singh Murder Case: मोहाली जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर 28 जनवरी को हुए गुरविंदर सिंह हत्याकांड में एसएएस नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और होंडा अमेज कार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, यह हत्या विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के इशारे पर कराई गई थी। एसएसपी एसएएस नगर हरमनदीप सिंह हंस ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में थाना मटौर में 28 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109, 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत मृतक की पत्नी अमरदीप कौर के बयान पर दर्ज की गई थी।
अमरदीप कौर ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी को वह अपने पति गुरविंदर सिंह के साथ आई-20 कार में अदालत में पेशी के लिए मोहाली कोर्ट परिसर आई थीं। कार को सीसी सोसायटी के बाहर खड़ा किया गया था। पेशी के बाद करीब तीन बजे, जैसे ही वे कार के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात युवक ने गुरविंदर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने पहले से ही गोल्डी बराड़ गैंग से मिल रही धमकियों का भी जिक्र किया था।
हत्या के बाद पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि हमलावर काले रंग की पल्सर बाइक पर आए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और रास्ते में सफेद रंग की होंडा अमेज कार में सवार होकर कपड़े बदल लिए।
तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 2 फरवरी को बलतेज सिंह उर्फ बंटी, निवासी फरीदकोट को गिरफ्तार किया। उसने खुलासा किया कि वह वारदात के दौरान होंडा अमेज कार का चालक था। इसके बाद 3 फरवरी को मंगत सिंह, निवासी जलालाबाद को गिरफ्तार किया गया, जिसने आरोपियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट और वाहन उपलब्ध कराए थे। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

