Mohali Threat Alert : मोहाली के एक स्कूल और फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
Mohali Threat Alert : पंजाब के मोहाली में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ निजी स्कूलों को बम धमकी भरे ईमेल मिले। इन ईमेल में द मिलेनियम स्कूल समेत कई स्कूलों के नाम थे और साथ ही फोर्टिस अस्पताल Fortis Hospital का भी उल्लेख किया गया था।
सीनियर पुलिस अधिकारी के अनुसार, धमकी मिलते ही स्कूलों और फोर्टिस अस्पताल में एंटी सैबोटाज जांच शुरू कर दी गई। अस्पताल में गैर जरूरी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जबकि जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहीं। स्कूल परिसरों में भी पुलिस टीमों ने गहन तलाशी अभियान चलाया।
बता दें कि पिछले बुधवार को कुल 16 निजी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद एहतियातन छात्रों को बाहर निकाला गया और विस्तृत जांच की गई।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी के चलते बढ़ी सतर्कता
उल्लेखनीय है कि पंजाब के सीएम भंगवत मान पहले से ही फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे, जिसके चलते सुरक्षा पहले ही कड़ी कर दी गई थी। मुख्यमंत्री को सोमवार शाम फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक अत्यधिक थकावट महसूस होने के बाद उन्हें दोबारा चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
पुलिस की विस्तृत जांच के बाद किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में यह मामला भी पूर्व की तरह फर्जी धमकी प्रतीत हो रहा है। हाल के दिनों में चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जो बाद में अफवाह साबित हुईं।

