IPL Betting Bust : मोहाली में अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, होटल से 16 आरोपी गिरफ्तार
आईपीएल सट्टेबाजी पर बड़ी स्ट्राइक
IPL Betting Bust : मोहाली पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए बलोंगी इलाके के एक होटल से चल रहे संगठित ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो देश के विभिन्न राज्यों से संबंध रखते हैं। यह कार्रवाई 15 अप्रैल को एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस और एसपी (ग्रामीण) मनप्रीत सिंह के निर्देशों पर डीएसपी करण सिंह संधू और बलोंगी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पेरीविंकल ग्रेवाल की देखरेख में की गई।
होटल में चल रहा था धोखाधड़ी का खेल
पुलिस के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह की टीम गंदा नाला पुल के पास गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि बलोंगी मुख्य सड़क पर स्थित 'हिमालयन होटल' से आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टेबाजी का धंधा चलाया जा रहा है। गिरोह के सदस्य लोगों को जल्दी पैसा कमाने का लालच देकर उनके साथ धोखाधड़ी कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत होटल पर छापा मारकर आरोपियों को रंगे हाथ धर दबोचा।
6 राज्यों से जुड़े हैं नेटवर्क के तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमिंदर सिंह, सिमरनजीत सिंह, मनिंदरजीत सिंह, संजीव कुमार, कुलदीप सिंह उर्फ गुरी, रणजीत सिंह, प्रदीप सिंह, हबीब उल रहमान, सुभाष भीमराव यादव, मोहम्मद मुस्तफा, स्वतंत्र कुमार शुक्ला, अरविंद वधवान, नारलम ओलिवर सिंह, सैयद आदिल और सैयद अहमद के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मणिपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 27 मोबाइल फोन और 15,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि जब्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी की गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, जिनकी अब फॉरेंसिक जांच की जा रही है। बलोंगी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

