Mohali News : फायरिंग में घायल पंच ने तोड़ा दम : सत्ती पहलवान की मौत पर भड़के ग्रामीण, न्यू चंडीगढ़ में लगाया जाम
Mohali News : गांव पड़ौल में बृहस्पतिवार देर रात फायरिंग में गंभीर रूप से घायल पंच एवं पहलवान सत्ती की शनिवार को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। सत्ती की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या...
Mohali News : गांव पड़ौल में बृहस्पतिवार देर रात फायरिंग में गंभीर रूप से घायल पंच एवं पहलवान सत्ती की शनिवार को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। सत्ती की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण न्यू चंडीगढ़ के ओमेक्स लाइट प्वाइंट पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने दोनों नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की मांग की। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सर्च अभियान तेज किया और देर शाम दोनों आरोपियों जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू और दविंदर सिंह उर्फ जूरा को मुल्लांपुर ओमेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया।
थाना मुल्लांपुर गरीबदास पुलिस ने सत्ती के भाई मेजर सिंह की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत के अनुसार, सत्ती वीरवार देर रात छोटी-बड़ी नग्गल मार्ग से अपनी गाड़ी में घर लौट रहा था। घर के पास पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी गाड़ी को घेर लिया और छह-सात गोलियां चला दीं। सत्ती के शरीर पर छह गोली लगने के निशान बताए गए थे। गंभीर हालत में उसे पहले सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया था।
वारदात के पीछे पुरानी रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बेटी से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ था। पंचायत में कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया, लेकिन रंजिश पूरी तरह खत्म नहीं हुई। सत्ती की मौत के बाद पुलिस ने पहले दर्ज हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
थाना मुल्लांपुर गरीबदास एसएचओ अमन तिरखा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पहले बीएनएस की धारा 109, 351(2), 351(3), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। सत्ती की मौत के बाद इसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

