Mohali Land Scam : सनटेक सिटी सीएलयू मामले में IAS अधिकारी कंवल प्रीत बराड़ ED के सामने हुईं पेश
2024 में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की निदेशक रहते CLU मंजूरियों की प्रक्रिया से जुड़ी जांच; दस्तावेज लेकर जालंधर कार्यालय पहुंचीं
Mohali Land Scam : पंजाब कैडर की 2007 बैच की IAS अधिकारी कंवल प्रीत बराड़ मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जालंधर स्थित कार्यालय में पेश हुईं। वह मोहाली के सनटेक सिटी ( Suntec City )प्रोजेक्ट के लिए चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) मंजूरियों से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एजेंसी के समन पर पहुंचीं। पंजाब सरकार के रिकॉर्ड के अनुसार बराड़ 2007 बैच की IAS अधिकारी हैं और फिलहाल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव हैं।
बराड़ सुबह करीब 10:25 बजे ED कार्यालय पहुंचीं। उनके हाथ में कुछ दस्तावेज भी थे। जांच एजेंसी उनसे 2024 में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की निदेशक रहते Suntec City प्रोजेक्ट से संबंधित CLU मंजूरियों की प्रक्रिया और दस्तावेजों को लेकर पूछताछ कर सकती है।
फर्जी सहमति पत्रों से CLU मंजूरी का आरोप
ED की जांच उस शिकायत और पुलिस केस पर आधारित है, जिसमें मोहाली के पालहेड़ी गांव के जमीन मालिक करमजीत सिंह ने आरोप लगाया था कि Suntec City प्रोजेक्ट के प्रमोटरों ने उनकी और 14 अन्य किसानों की जमीन के संबंध में कथित तौर पर फर्जी सहमति पत्र तैयार किए थे।
इस मामले में पुलिस जांच के बाद नवंबर 2022 में मु़ल्लांपुर थाने में FIR दर्ज की गई थी। बाद में यही मामला ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच का आधार बना। एजेंसी ने मोहाली और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।
जांच के दौरान ED ने अधिकारियों और Suntec City के प्रमोटर अजय सहगल से पूछताछ की थी। कारोबारी नितिन गोयल के आवास पर भी छापेमारी की गई थी। इसी कार्रवाई के दौरान नौवीं मंजिल से 21 लाख रुपये नकद नीचे फेंके जाने की बात सामने आई थी। पूछताछ के बाद ED ने अजय सहगल को गिरफ्तार किया था।
GMADA और हाउसिंग विभाग तक पहुंची जांच
मामले की जांच अब ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) और हाउसिंग विभाग की कार्यप्रणाली तक भी पहुंच गई है। ED ने Suntec City और अन्य प्रोजेक्टों को दी गई CLU मंजूरियों से संबंधित रिकॉर्ड मांगे हैं। एजेंसी पहले ही कई वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है।
बराड़ के बाद 2024 में हाउसिंग विभाग में तैनात रहे कुछ अन्य अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाए जाने की संभावना है। हालांकि, बराड़ को लेकर ED की ओर से पूछताछ के निष्कर्ष अथवा उनकी भूमिका के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

