Mohali Crime News : मोहाली एसएसपी दफ्तर के बाहर दिनदहाड़े गोलीकांड, युवक की हत्या
हमलावरों ने करीब 16 से 17 राउंड फायर किए, जिसमें से पीड़ित को 3 गोलियां लगी
Mohali Crime News : मोहाली में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एसएसपी दफ्तर के बाहर मेन रोड स्थित पार्किंग में एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह पाठी के रूप में हुई है, जो मोहाली के गांव रुड़की खाम का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत अपनी आई-20 कार में पत्नी के साथ किसी मामले के सिलसिले में मोहाली कोर्ट आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरप्रीत की कार पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। जब वह एसएसपी दफ्तर के बाहर पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर कार में बैठ रहा था, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावरों ने करीब 16 से 17 राउंड फायर किए, जिनमें से तीन गोलियां गुरप्रीत को लगीं।
गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। मृतक की पत्नी को पुलिस अधिकारी अपने साथ ले गए . मृतक की पत्नी बहुत घबराई हुई थी कुछ भी बोल पाने में असमर्थ थी
घटना दोपहर करीब 3.10 बजे हुई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी को बयान दर्ज कराने के लिए सोहाना थाने ले जाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

