मोहाली : सड़क पर बिना पार्किंग लाइट खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत
फेज-6 इंडस्ट्रियल एरिया में सब्जी मंडी के पास सड़क पर कथित तौर पर बिना पार्किंग लाइट खड़े ट्रक से टकराने के कारण बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देस राज (30) के रूप में हुई है।...
फेज-6 इंडस्ट्रियल एरिया में सब्जी मंडी के पास सड़क पर कथित तौर पर बिना पार्किंग लाइट खड़े ट्रक से टकराने के कारण बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देस राज (30) के रूप में हुई है। वह फेज-6 स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था और बाइक से ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता राम प्रसाद निवासी बड़माजरा ने बताया कि उनका बेटा मोटरसाइकिल पर ड्यूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान फेज-6 इंडस्ट्रियल एरिया में सब्जी मंडी के पास हादसा हो गया। पिता के मुताबिक सड़क पर एक ट्रक बिना लाइट, डिपर और किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था। अंधेरा होने के कारण सड़क पर खड़े ट्रक का पता नहीं चला और उनका बेटा बाइक सहित ट्रक के पीछे जा टकराया। राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायल को सिविल अस्पताल फेज-6 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रक की पहचान में जुटी पुलिस
पिता ने पुलिस से ट्रक की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना फेज-1 पुलिस ने बयान के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

