CHB Protest : हाउसिंग बोर्ड के खिलाफ मेयर सौरभ जोशी समेत सभी पार्षद बैठे धरने पर
मेयर ने लगाए नारे, हाउसिंग बोर्ड मुर्दाबाद; अधिकारियों के साथ हुई तीखी बहस
CHB Protest : चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) की ओर से बुधवार को सेक्टर 45-सी में मकानों में वॉयलेशन (अतिक्रमण) तोड़ने की कार्रवाई के दौरान जबरदस्त हंगामा हो गया। बोर्ड की इस कार्रवाई का विरोध करने के लिए मेयर सौरभ जोशी के नेतृत्व में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मौके पर पहुंच गए। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब मेयर ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कार्रवाई रुकवा दी और खुद सड़क पर धरने पर बैठ गए।
अधिकारियों के साथ मेयर की तीखी झड़प
हाउसिंग बोर्ड की टीम जब भारी पुलिस बल के साथ सेक्टर 45-सी में निर्माणों को ढहाने पहुंची, तो स्थानीय पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने इसका कड़ा विरोध किया। सूचना मिलते ही मेयर सौरभ जोशी भी वहां पहुंच गए। इस दौरान बोर्ड के अधिकारियों और मेयर के बीच जमकर बहस हुई। मेयर ने अधिकारियों से कहा कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की कार्रवाई से जनता में भारी रोष है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। मेयर ने 'हाउसिंग बोर्ड मुर्दाबाद' और 'हाउसिंग बोर्ड यहां से जाओ' के नारे भी लगाए।
'कार्रवाई नहीं रुकी तो खुद बैठूंगा धरने पर'
मेयर सौरभ जोशी ने स्पष्ट किया कि यदि हाउसिंग बोर्ड ने अपनी दमनकारी नीति और तोड़फोड़ की कार्रवाई को नहीं रोका, तो वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, "जनता ने हमें उनकी आवाज उठाने के लिए चुना है, और हम किसी का आशियाना उजड़ने नहीं देंगे।" मेयर के समर्थन में सभी पार्षद एकजुट दिखे, जिससे बोर्ड के अधिकारियों को बैकफुट पर आना पड़ा। मेयर ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया और मांग की कि जब तक इस मुद्दे का स्थायी समाधान नहीं होता, कोई भी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। समाचार लिखे जाने तक मेयर और पार्षद मौके पर डटे हुए थे।

