Chandigarh Municipal Corporation Drive: चंडीगढ़ में स्वच्छता की नई मुहिम: सेक्टर-15 से 'वार्ड-वाइज डीप क्लीनिंग ड्राइव' का आगाज
मेयर ने सफाईकर्मियों पर की पुष्प वर्षा, बोले-हर वार्ड की होगी विशेष सफाई
Chandigarh Municipal Corporation Drive: शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक नई पहल की है। आज सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर से 'वार्ड-वाइज डीप क्लीनिंग ड्राइव' का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अभियान का आगाज मेयर सौरभ जोशी ने किया।
अभियान की शुरुआत से पहले मेयर सौरभ जोशी ने सफाई कर्मचारियों और नगर निगम के विभिन्न विभागों के कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मेयर ने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में इन कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे ही इस अभियान की असली ताकत हैं।
अब वार्ड दर वार्ड होगी विशेष सफाई
इस मौके पर मेयर ने जानकारी दी कि नगर निगम के इतिहास में यह पहली बार है जब 'वार्ड-वाइज डीप क्लीनिंग' का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके तहत सफाई, हॉर्टिकल्चर और अन्य संबंधित विंग अब पूरी तरह तालमेल के साथ काम करेंगी।
मेयर ने कहा, "यह ड्राइव अब वार्ड-वाइज संचालित होगी। निगम पहली बार हर वार्ड की डीप क्लीनिंग सुनिश्चित करेगा, जिससे कोई भी क्षेत्र सफाई से अछूता न रहे और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को एक नई गति मिल सके।"
नगर निगम की योजना के अनुसार, इस अभियान के तहत शहर की सड़कों, गलियों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई की जाएगी। निगम के सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ एक-एक वार्ड को लक्ष्य बनाकर कार्य करेंगे ताकि सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और स्थायी बनाया जा सके।

