महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर मंत्री हरदीप पुरी से मांगा इस्तीफा
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर चंडीगढ़ महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव ममता डोगरा के नेतृत्व में रविवार को डड्डूमाजरा में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें ‘ऐप्सटिन फाइल्स’ में नाम सामने आने के बाद केंद्रीय...
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर चंडीगढ़ महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव ममता डोगरा के नेतृत्व में रविवार को डड्डूमाजरा में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें ‘ऐप्सटिन फाइल्स’ में नाम सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग उठाई गई।
इस अभियान का शुभारंभ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महामंत्री डॉ. साक्षी चौधरी ने किया। महिला कांग्रेस ने ‘द पीएम इस कॉम्प्रोमाइज’ की तख्तियां और टी शर्ट पहन कर सड़कों पर रोष प्रदर्शन किया जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर हस्ताक्षर किए। अभियान के दौरान ममता डोगरा ने कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति का नाम यदि किसी विवादित दस्तावेज़ में सामने आता है तो पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उसे पद छोड़कर जांच का सामना करना चाहिए। बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपने पद पर बने रहने की नैतिकता खो चुके हैं और उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूरा मामला सरकार की साख पर सवाल खड़े करता है। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सच सामने लाया जाए। इस कार्यक्रम में शैलिका खुराना, तृप्ता ठाकुर, सतनाम कौर, योगिता, रानी, साधना, कोकिला, सरिता, ललित बिरला भी शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार हस्ताक्षर अभियान को प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी चलाया जाएगा और इसके ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाएंगे।

