Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

कुराली : हनी ट्रैप में फंसा दूध सप्लायर, अश्लील तस्वीरें खींचकर मांगे 10 लाख; परेशान युवक ने निगला जहर

3 महिलाओं सहित 8 के खिलाफ केस दर्ज

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
प्रतीकात्मक चित्र
Advertisement

मोहाली जिले के कुराली क्षेत्र में हनी ट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घर-घर दूध सप्लाई कर अपना गुजर-बसर करने वाले एक अविवाहित युवक को पहले प्यार के जाल में फंसाया गया, फिर उसकी अश्लील तस्वीरें खींचकर 10 लाख रुपये की मांग की गई। लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश तक कर डाली। फिलहाल उसकी जान बच गई है।

थाना कुराली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ज्योति, सोनिया, रमनदीप कौर, लखवीर सिंह, एमएस चौहान और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह हो सकता है, जो लोगों को फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठता है।

Advertisement

रिजॉर्ट के पास बुलाकर रची गई साजिश

Advertisement

पीड़ित इंद्रप्रीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दूध सप्लाई का काम करता है। इसी दौरान उसकी पहचान खरड़ के नजदीकी गांव भागोमाजरा निवासी ज्योति नामक महिला से हुई। बातचीत बढ़ने के बाद ज्योति ने उसकी मुलाकात सोनिया नाम की महिला से करवाई, जो जीरकपुर की रहने वाली बताई गई। शिकायत के अनुसार 2 मई को ज्योति ने उसे गांव पडियाला के पास एक रिजॉर्ट के नजदीक बुलाया। वहां से वह उसे कार में बैठाकर खरड़ ले गई और बाद में सोनिया द्वारा भेजी गई टैक्सी के जरिए जीरकपुर पहुंचाया गया। आरोप है कि जीरकपुर में सोनिया उसे अपने फ्लैट पर ले गई, जहां उसे शराब पिलाई गई। पीड़ित के मुताबिक जब वह और सोनिया कमरे में अकेले थे और दोनों ने आपसी सहमति से कपड़े उतारे, उसी दौरान अचानक दो युवक फ्लैट में घुस आए। उनमें से एक ने खुद को सोनिया का पति बताते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और करीब 12 हजार रुपये भी छीन लिए। इसी दौरान उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींच ली गईं।

10 लाख न देने पर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी

पीड़ित ने बताया कि इसके बाद ज्योति सहित अन्य लोगों ने उसे धमकाया कि यदि उसने 10 लाख रुपये नहीं दिए तो उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवा दिया जाएगा और उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल कर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से वह बुरी तरह टूट गया। इसी तनाव के चलते 6 मई को उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों ने समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसकी जान बच गई। बाद में युवक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी।

गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

थाना कुराली पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने पहले भी कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Advertisement
×