केपीएल सीजन-3 क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, 12 टीमें लेंगी हिस्सा; फाइनल 7 मई को
स्थानीय खेल प्रेमियों में इस टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है
खटिक समाज द्वारा आयोजित खटिक प्रीमियर लीग सीजन-3 का आयोजन 5 मई से कैंबवाला क्रिकेट ग्राउंड में शुरू हो गया है। इस टूर्नामेंट में देश के विभिन्न शहरों से टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें हैदराबाद, मुंबई, आगरा, चंडीगढ़, दिल्ली , पुणे और देहरादून प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अखिल भारतीय खटिक पंचायत समिति चंडीगढ़ शाखा के अनुसार, इस बार टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मुकाबले ओपन कैटेगरी के तहत खेले जाएंगे और हर मैच 5 ओवर का होगा, जिससे मुकाबले रोमांचक व तेज-तर्रार रहने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 7 मई को खेला जाएगा। आयोजक पार्षद मनोज सोनकर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
स्थानीय खेल प्रेमियों में इस टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों की हौसलाफजाई के लिए शहर के कई नामी शख्सियत मौजूद रहेंगे।

