Kirron Kher: चंडीगढ़ की राजनीति में फिर सक्रिय हुईं किरण खेर, क्या वापसी की तैयारी?
Kirron Kher: 2024 के चुनाव में कट गया था किरण खेर का टिकट
Kirron Kher: चंडीगढ़ की पूर्व सांसद किरण खेर (Kiran Kher) एक बार फिर शहर की राजनीति में सक्रिय नजर आने लगी हैं। लगातार दो बार लोकसभा में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के बाद 2024 के आम चुनाव में उनका टिकट कट गया था। उनकी जगह भाजपा ने संजय टंडन (Sanjay Tandon) को उम्मीदवार बनाया, लेकिन मुकाबले में कांग्रेस के मनीष तिवारी (Manish Tewari) ने जीत दर्ज की।
लोकसभा चुनाव के बाद किरण खेर ने कुछ समय के लिए चंडीगढ़ से दूरी बना ली थी, लेकिन अब उनकी सक्रियता ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
धनास में ग्राउंड उद्घाटन से दिया संकेत?
हाल ही में वह धनास की मिल्क कॉलोनी में एक स्पोर्ट्स ग्राउंड के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचीं। यह ग्राउंड उनके सांसद कार्यकाल के दौरान एमपीलैड फंड से बना था। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद कुलजीत संधू, भाजपा नेता रामबीर भट्टी, मनोनीत पार्षद सतिंदर सिंह सिद्धू सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में किरण खेर ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “कई बार पूर्व सांसद मौजूदा सांसद से ज्यादा इंटरेस्टिंग होता है, इसलिए लोग देखने आ जाते हैं।” उनका यह बयान राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

