Kho-Kho Tournament : चंडीगढ़ पुरुष और भोपाल महिला टीम बनी चैंपियन, रणनीति-टीमवर्क को दर्शाया
फाइनल में भोपाल को हराकर चंडीगढ़ ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता
खो-खो टूर्नामेंट 2025 के फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग में टीम चंडीगढ़ और महिला वर्ग में टीम भोपाल ने चैंपियनशिप अपने नाम की। टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों ने खिलाड़ियों की फुर्ती, रणनीति और टीमवर्क को दर्शाया।
पुरुष वर्ग के फाइनल में चंडीगढ़ ने भोपाल को 2 अंक और एक पारी से हराकर खिताब जीता। चंडीगढ़ ने 9 अंक बनाए, जबकि भोपाल दो पारियों में केवल 7 अंक ही जुटा सका। संजू को फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। संजू ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए एक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। महिला वर्ग के फाइनल में भोपाल ने बेंगलुरु को 6 अंक और एक पारी से हराकर चैंपियनशिप जीती। इस मुकाबले में हर्षा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे स्थान के मुकाबलों में दिल्ली महिला टीम ने कोलकाता को 2 अंक और एक पारी से हराकर जीत दर्ज की। वहीं मुंबई मेट्रो पुरुष टीम ने अमरावती को 9 अंकों से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में एसबीआई चंडीगढ़ सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक कृष्ण शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए दोनों वर्गों की विजेता टीमों को बधाई दी और चंडीगढ़ पुरुष तथा भोपाल महिला टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
इस अवसर पर ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन के महासचिव एल. चंद्रशेखर और अध्यक्ष पंकज कौशिक सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुबह चंडीगढ़ पहुंचने पर दोनों राष्ट्रीय नेताओं का साथियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

