जग्गू भगवानपुरिया को अदालत से राहत
गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया को बब्बर खालसा इंटरनेशनल से कथित संबंधों के मामले में बड़ी राहत मिली है। मोहाली की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने एसएसओसी थाना फेज-1 में दर्ज मामले में जग्गू भगवानपुरिया को...
गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया को बब्बर खालसा इंटरनेशनल से कथित संबंधों के मामले में बड़ी राहत मिली है। मोहाली की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने एसएसओसी थाना फेज-1 में दर्ज मामले में जग्गू भगवानपुरिया को डिस्चार्ज करने के आदेश दिए हैं। यह आदेश अदालत ने सरकारी पक्ष और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद पारित किया।
यह एफआईआर जनवरी 2023 में एसएसओसी मोहाली द्वारा दर्ज की गई थी। पुलिस का आरोप था कि गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत बल, प्रगट सिंह और दरमनजोत सिंह उर्फ दरमन काहलों का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से है। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क को परमजीत सिंह पम्मा निवासी फेज-3बी2 मोहाली संचालित कर रहा था, जो वर्तमान में इंग्लैंड में रह रहा है और सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) से भी जुड़ा बताया गया था।
पुलिस की कहानी के मुताबिक यह गिरोह पंजाब में शांति भंग कर आतंक फैलाने की साजिश रच रहा था। आरोप लगाया गया था कि जग्गू भगवानपुरिया और प्रगट सिंह हथियार व गोला-बारूद की सप्लाई कर रहे थे, जबकि अमृत बल और दरमन काहलों वित्तीय सहायता मुहैया करा रहे थे। इस आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 17 जनवरी 2023 को युवराज सिंह और निशान सिंह को गिरफ्तार किया गया था।

