India vs West Indies ODI: मोहाली में उत्साह चरम पर, स्टेडियम के बाहर जुटने लगे दर्शक
मुल्लांपुर स्टेडियम से एक किलोमीटर दूर तक विराट-रोहित की टी-शर्ट की दुकानें सजीं, गलत पार्किंग से निपटने के लिए दर्जनों रिकवरी वैन तैनात
India vs West Indies ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच शनिवार को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम वनडे को लेकर शहर में क्रिकेट का उत्साह नजर आ रहा है। दोपहर 2 बजे शुरू होने वाले मुकाबले के लिए दर्शक मैच से काफी पहले ही स्टेडियम के बाहर पहुंचने लगे हैं।
स्टेडियम के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में क्रिकेट प्रशंसकों के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम वाली टी-शर्ट की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर प्रशंसकों की भीड़ नजर आ रही है। मैच को लेकर स्टेडियम के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
गलत पार्किंग पर पुलिस की नजर
मैच के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के मुल्लांपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए मोहाली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। गलत जगह वाहन खड़े करने से होने वाली परेशानी से निपटने के लिए स्टेडियम के बाहर दर्जनों रिकवरी वैन तैनात की गई हैं।
पुलिस ने दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की जा सकती है।
🏏 INDIA vs WEST INDIES ODI | NEW CHANDIGARH | 3 OCTOBER 2026 | 2 PM
🚗 Match Day Traffic Advisory
Going to the match? Head directly to your allotted parking, not the stadium!(1/3)#INDvsWI #SASNagarPolice #PunjabPolice #TrafficAdvisory #NewChandigarh pic.twitter.com/G2VXz6dvDa
— SAS NAGAR POLICE (@sasnagarpolice) October 2, 2026
वीवीआईपी से दर्शकों तक अलग-अलग पार्किंग
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत पी-1 और पी-2 पार्किंग में वीवीआईपी वाहनों के लिए व्यवस्था की गई है। पी-3 पार्किंग मीडिया, ब्रॉडकास्टिंग, कॉरपोरेट बॉक्स और दिव्यांग लोगों के वाहनों के लिए निर्धारित है। इन तीनों पार्किंग स्थलों में केवल स्टिकर लगे वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।
आम दर्शकों के लिए पी-4, पी-5, पी-6 और पी-7 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। यहां पेड पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। टैक्सी वाहनों के लिए भी इन्हीं पार्किंग स्थलों में व्यवस्था की गई है।
इन रास्तों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक दबाव
पुलिस के अनुसार मैच के दौरान मुल्लांपुर बैरियर, पीसीएल चौक, मार्बल मार्केट लाइट और ओमैक्स राउंडअबाउट सहित आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित मार्गों से ही आवाजाही करने की अपील की गई है।
पुलिस ने लोगों से सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन न खड़ा करने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने से जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में लोग पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

