IMD Weather Update: भीषण गर्मी से मिलेगी राहत? भारत की ओर बढ़ रहा मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, IMD सैटेलाइट तस्वीरों में दिखे संकेत
IMD Weather Update: उत्तर भारत में बारिश, आंधी और धूलभरी हवाओं की संभावना; कई राज्यों में गिर सकता है तापमान, रातों की गर्मी से भी राहत के आसार
IMD Weather Update: देश के बड़े हिस्से में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद जगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा सैटेलाइट तस्वीरों में एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश, आंधी और तापमान में गिरावट की संभावना बन गई है। इस बीच, पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला। बादल छाए रहे और आंधी के साथ लुधियाना सहित कई जगह बूंदाबांदी हुई।
IMD के INSAT-3DS मौसम उपग्रह से 21 मई को ली गई थर्मल इन्फ्रारेड तस्वीरों में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर विशाल बादल समूह और चक्रवाती गतिविधियां नजर आई हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही वायुमंडलीय अस्थिरता का संकेत है।
पिछले कई दिनों से दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार गर्म रातें स्वास्थ्य के लिए अधिक खतरनाक साबित होती हैं क्योंकि शरीर को ठंडा होने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।
Nowcast #Punjab Time:22/05/2026 07:31Valid upto:22/05/2026 10:31 IST :2) Moderate Thunderstorm (wind speed 40- 60 KMph) with Lightning very likely over parts of Fatehgarh Sahib, Ludhiana, Rupnagar, Jalandhar, SBS Nagar, Hoshiarpur, pic.twitter.com/bsFGp0QkUb
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) May 22, 2026
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह पश्चिमी विक्षोभ अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के साथ मिलकर उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
Nowcast #Haryana Time of Issue:22/05/2026 07:19Valid upto:22/05/2026 10:19 IST :1) Light Thunderstorm(wind speed 30-40 kmph) with Lightning very likely over parts of Panchkula, pic.twitter.com/LwIdSLAQAD
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) May 22, 2026
सैटेलाइट तस्वीरों में सबसे ज्यादा बादल गतिविधि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास दिखाई दे रही है, जो मजबूत मौसम प्रणाली की ओर इशारा करती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं।
WEATHER WARNING AND RAINFALL MAP #PUNJAB #HARYANA DATED 21-05-2026 pic.twitter.com/f4oq9JIPha
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) May 21, 2026
मौसम विभाग का मानना है कि यह सिस्टम भले ही पूरी तरह हीटवेव खत्म न करे, लेकिन तापमान में खासकर रात के समय उल्लेखनीय गिरावट ला सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा अरब सागर और दक्षिणी बंगाल की खाड़ी में भी बादलों की सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है, जिससे मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं।
