Heroin Accused Escapes : हथकड़ी खुलते ही पुलिस पर मिर्च पाउडर फेंककर हेरोइन आरोपी फरार
चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित घर से बरामदगी के लिए ले गई थी खन्ना सीआईए की टीम; मां समेत दो के खिलाफ केस दर्ज
Heroin Accused Escapes : करीब आधा किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार दीपक थापा पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया। आरोप है कि उसने अपनी मां सीता और अन्य परिजनों की मदद से पुलिसकर्मियों पर लाल मिर्च पाउडर फेंका और मौके से भाग गया। घटना के बाद खन्ना सीआईए की शिकायत पर थाना मलोया पुलिस ने दीपक थापा और उसकी मां सीता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खन्ना सीआईए ने कुछ दिन पहले करीब आधा किलो हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े लोगों के नाम सामने आए, जिनमें सेक्टर-38 निवासी दीपक थापा भी शामिल था। इसके आधार पर पुलिस ने 28 अगस्त को उसे गिरफ्तार किया।
बरामदगी के लिए घर ले गई थी टीम
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दीपक ने हेरोइन अपने घर में छिपाकर रखने की बात बताई। शुक्रवार शाम करीब छह बजे सीआईए टीम उसे हथकड़ी लगाकर बरामदगी के लिए सेक्टर-38 स्थित घर ले गई। वहां दीपक ने बाथरूम जाने की बात कहते हुए हथकड़ी खोलने का अनुरोध किया। पुलिस का आरोप है कि हथकड़ी खुलते ही दीपक ने परिजनों के साथ मिलकर टीम पर लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया। मिर्च पाउडर आंखों में पड़ने से पुलिसकर्मी कुछ समय के लिए आरोपी को पकड़ नहीं सके। इसी दौरान दीपक घर से बाहर निकलकर फरार हो गया।
घटना की सूचना खन्ना सीआईए ने मलोया थाना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर दीपक और उसकी मां सीता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में खन्ना पुलिस और चंडीगढ़ पुलिस के बीच समन्वय का मुद्दा भी सामने आया है।

