Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Heatwave Alert Chandigarh: लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी, बताया क्या करें और क्या नहीं

Heatwave Alert Chandigarh: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के साथ जारी गाइडलाइन- हाइड्रेशन, धूप से बचाव और खानपान पर खास जोर

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
फाइल फोटो
Advertisement

Heatwave Alert Chandigarh: उत्तर भारत में पारा चढ़ने के साथ ही चंडीगढ़ प्रशासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने शहरवासियों को लू (हीटवेव) के प्रकोप से बचाने के लिए एक विस्तृत हेल्थ एडवायजरी जारी की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सहयोग से जारी इस गाइडलाइन में लोगों को हाइड्रेटेड रहने और धूप के सीधे संपर्क से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।

शरीर में पानी की कमी न होने दें

  1. स्वास्थ्य विभाग ने शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखने पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। एडवाइजरी के अनुसार, प्यास न लगने पर भी थोड़े-थोड़े अंतराल पर पर्याप्त पानी पीते रहना चाहिए।
  2. सफर के दौरान हमेशा पीने के पानी की बोतल साथ रखें।
  3. पानी के विकल्प के रूप में नींबू पानी, लस्सी, छाछ, जलजीरा और आम पन्ना जैसे प्राकृतिक पेय पदार्थों का उपयोग करें।
  4. नारियल पानी और अन्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक ड्रिंक्स हाइड्रेशन के लिए बेहतरीन हैं।
  5. भोजन में तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा और सलाद जैसी पानी से भरपूर मौसमी फलों और सब्जियों को अनिवार्य रूप से शामिल करें।

धूप में निकलते समय अपनाएं ये सावधानियां

  • गर्मी के दिनों में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए पहनावे और घर के वातावरण पर ध्यान देना जरूरी है।
  • सीधी धूप के संपर्क में आने से बचें और यदि संभव हो तो ठंडी व हवादार जगहों पर ही रहें।
  • बाहर जाते समय पतले, ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर को हवा मिलती रहे।
  • धूप से बचाव के लिए छाता, टोपी या सिर ढकने के अन्य साधनों का प्रयोग करें और पैरों में जूते या चप्पल जरूर पहनें।
  • दिन के समय घर की खिड़कियां और पर्दे बंद रखें ताकि बाहर की गर्म हवा अंदर न आ सके, जबकि रात में उन्हें हवा के लिए खोल दें।

इन लोगों का रखें विशेष ख्याल

एडवायजरी में कुछ विशेष वर्गों को लू के प्रति अधिक संवेदनशील बताया गया है, जिनकी नियमित जांच और देखभाल जरूरी है।

Advertisement

बच्चे और बुजुर्ग: शिशु, छोटे बच्चे और अकेले रहने वाले बुजुर्गों या बीमार व्यक्तियों का खास ध्यान रखें।

Advertisement

गर्भवती महिलाएं: धूप और गर्मी से गर्भवती महिलाओं को बचाना अनिवार्य है।

आउटडोर वर्कर्स: बाहर काम करने वाले लोगों और मानसिक या शारीरिक रूप से बीमार व्यक्तियों, विशेषकर जिन्हें दिल की बीमारी या हाई ब्लड प्रेशर है, उन पर नजर रखें।

भूलकर भी न करें ये गलतियां (Don'ts)

  • स्वास्थ्य विभाग ने कुछ ऐसी गतिविधियों की सूची भी दी है, जिनसे गर्मी के दौरान बचना चाहिए।
  • दोपहर की गतिविधियां: जब तक बहुत जरूरी न हो, दोपहर के समय बाहर न निकलें और कड़ी मेहनत वाले काम करने से बचें।
  • नशीले और मीठे पेय: शराब, चाय, कॉफी और अधिक चीनी वाले कोल्ड ड्रिंक्स से परहेज करें क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) कर सकते हैं और पेट में मरोड़ पैदा कर सकते हैं।
  • बासी खाना: गर्मी में भोजन जल्दी खराब होता है, इसलिए बासी भोजन का सेवन बिल्कुल न करें।
  • खड़ी गाड़ी में सावधानी: बच्चों या पालतू जानवरों को कभी भी पार्क की गई गाड़ियों में अकेला न छोड़ें, क्योंकि बंद गाड़ी के अंदर तापमान बहुत तेजी से बढ़ सकता है जो जानलेवा हो सकता है।
Advertisement
×