Haryana Dairy operator murder: प्रदर्शनकारियों की हांसी पुलिस से झड़प, एसपी व डीएसपी घायल
प्रदर्शनकारी राज्य स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर जाने का जबरन प्रयास कर रहे थे
हरियाणा के हांसी में आज एक डेयरी संचालक की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी राज्य स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर जाने का जबरन प्रयास कर रहे थे।
झड़प में किसानों और पुलिसकर्मियों समेत हांसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के एक अधिकारी सहित कई लोग घायल हो गए। डेयरी संचालक जीवन की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं समेत प्रदर्शनकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया था।
तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यहां तिरंगा फहराया था। प्रदर्शन को देखते हुए हांसी में कई स्थानों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। ट्रैक्टर और दूसरे वाहनों से आए किसानों की पुलिस के साथ दो-तीन जगहों पर झड़प हुई, जब उन्हें हांसी के 'गवर्नमेंट कॉलेज' मैदान में हो रहे कार्यक्रम की ओर जाने से रोका गया। पत्थरबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
हांसी के एसपी विनोद कुमार के हाथ पर पत्थर लगा, जिससे वह चोटिल हो गए। डीएसपी और निरीक्षक समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी घायल हो गए। कुमार को हाथ में लगी चोट से खून रोकने के लिए रूमाल बांधते हुए देखा गया। बाद में उन्होंने बताया कि कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
डेयरी संचालक जीवन पर हमला किया
यह हत्या चार अगस्त की सुबह हुई, जब हिसार जिले के सूर्य नगर में कुछ लोगों ने कथित तौर पर डेयरी संचालक जीवन पर हमला किया। पुलिस ने बताया कि जीवन अपनी मोटरसाइकिल से ट्रॉली खींचकर गोबर फेंकने जा रहा था, तभी पड़ोस के 10-12 युवकों के एक समूह ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया।
उनका परिवार गंभीर रूप से घायल जीवन को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हिसार पुलिस ने पहले कहा था कि वह फरार आरोपी को पकड़ने की लगातार कोशिश कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।

