Happy Classroom : ‘हैप्पी क्लासरूम’ कार्यशाला में शिक्षकों ने सीखे तनावमुक्त शिक्षण के गुर
सीबीएसई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में करीब 55 शिक्षकों ने लिया हिस्सा
Happy Classroom : श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेजिएट पब्लिक स्कूल, चंडीगढ़ में सीबीएसई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 55 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में बच्चों के लिए सुरक्षित, सकारात्मक और तनावमुक्त कक्षा का माहौल बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
सीबीएसई की एम्पैनल्ड रिसोर्स पर्सन पूनम शर्मा और वेगा शर्मा ने कहा कि खुशहाल कक्षा प्रभावी सीखने की नींव है। उन्होंने शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद, गतिविधि आधारित शिक्षण, तनाव प्रबंधन और बच्चों के भावनात्मक स्वास्थ्य पर जोर दिया।
गतिविधियों के जरिये समझाए शिक्षण के तरीके
कार्यशाला में समूह चर्चा, रोल प्ले, केस स्टडी और विभिन्न गतिविधियों के जरिये शिक्षकों को कक्षा में सकारात्मक माहौल बनाने के तरीके बताए गए। शिक्षकों ने अपने अनुभव भी साझा किए और शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं तनावमुक्त बनाने पर चर्चा की।
स्कूल की प्रिंसिपल अमनप्रीत कौर ने रिसोर्स पर्सन का आभार जताया और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों और कौशल से अपडेट करने में मदद करते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

