Goldy Dhillon Gang : गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा, गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन गुर्गे हथियारों सहित गिरफ्तार
ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, जानकी हत्याकांड के आरोपियों के करीबी बताए गए आरोपी
Goldy Dhillon Gang : चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के गैंग के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक विदेशी 9 एमएम पिस्टल, एक .32 बोर पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से ट्राईसिटी में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम हुई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन सदस्य हथियारों से लैस होकर बाइक पर चंडीगढ़ में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने मुल्लांपुर मार्ग पर विशेष नाकेबंदी कर जाल बिछाया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें घेरकर काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकी हत्याकांड से जुड़े मिले तार
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के माध्यम से सीधे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, तीनों सेक्टर-11 के चर्चित जानकी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों के करीबी सहयोगी हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गोल्डी के निर्देश पर वे जम्मू से पंजाब पहुंचे थे। पहले मॉड्यूल में शामिल आर्यन शर्मा, सन्नी मेहरा और अमित को जानकी हत्याकांड को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा गया था। पुलिस के अनुसार, पहले मॉड्यूल के पकड़े जाने के बाद इन आरोपियों को चंडीगढ़ पहुंचकर अगले निर्देश और नए लक्ष्य का इंतजार करने को कहा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के निवासी हैप्पी चिब (20), राहुल कुमार (24) और वंश शर्मा (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों, हथियारों की आपूर्ति करने वालों और गैंग के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

