आरोग्य केंद्रों से डंपिंग ग्राउंड तक प्रशासक ने परखी व्यवस्थाएं
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा की। प्रशासक ने सेक्टर 25, डड्डूमाजरा, ईडब्ल्यूएस...
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा की।
प्रशासक ने सेक्टर 25, डड्डूमाजरा, ईडब्ल्यूएस मलोया और रायपुर कलां स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर उपचार, साफ सफाई और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित सफाई, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शीघ्र सफाई, नए कचरे की डंपिंग रोकने और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सेक्टर 25 स्थित डॉ. हर्षवर्धन सिंह जज इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल का भी दौरा किया और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जागरूकता अभियानों को मजबूत करने को कहा। इसके बाद मक्खनमाजरा गौशाला के निरीक्षण में पशु चिकित्सा देखभाल, स्वच्छता और मानवीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत नगर निगम आयुक्त अमित कुमार और उपायुक्त निशांत कुमार यादव के साथ बैठक कर शहर व्यापी स्वच्छता और नागरिक सेवाओं में सुधार पर बल दिया।

