चंडीगढ़ में ‘फाइव फिल्म्स फॉर फ्रीडम’ की स्क्रीनिंग: LGBTQIA+ अधिकारों को मिला मंच
सिनेमा के जरिए सामाजिक संदेश : दुनियाभर की पांच चुनिंदा लघु फिल्मों का प्रदर्शन
LGBTQIA+ Film Fest : शहर के सेक्टर 36 स्थित अलायंस फ्रांसेज़ में सोमवार को मानवीय अधिकारों और विविधता का अनूठा संगम देखने को मिला। ब्रिटिश डिप्टी हाई कमीशन ने अलायंस फ्रांसेज़ चंडीगढ़ के सहयोग से ‘फाइव फिल्म्स फॉर फ्रीडम’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सिनेमा के सशक्त माध्यम से LGBTQIA+ समुदाय की कहानियों को आम जन तक पहुँचाना और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता पैदा करना है।
इस महोत्सव के दौरान फ्रांस, वियतनाम, ब्राज़ील, यूके और अमेरिका/मेक्सिको की पांच लघु फिल्में दिखाई गईं। ये फिल्में व्यक्तिगत संघर्ष, प्रेम, पहचान और साहस की दिल को छू लेने वाली कहानियों पर आधारित थीं। गौरतलब है कि ‘फाइव फिल्म्स फॉर फ्रीडम’ LGBTQIA+ विषयों पर आधारित दुनिया का सबसे व्यापक डिजिटल फिल्म उत्सव है। इसका आयोजन प्रतिवर्ष ब्रिटिश काउंसिल और बीएफआई (BFI) फ्लेयर: लंदन LGBTQIA+ फिल्म फेस्टिवल द्वारा वैश्विक स्तर पर किया जाता है।
विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों ने की शिरकत
स्क्रीनिंग के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर एल्बा स्मेरिग्लियो विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं, फिल्म निर्माताओं, शिक्षाविदों और बड़ी संख्या में छात्रों ने फिल्मों के माध्यम से दिए गए संदेशों को सराहा। चर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में व्याप्त रूढ़ियों को तोड़ने और समावेशी माहौल बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
29 मार्च तक मुफ्त देख सकेंगे फिल्में
यह फिल्म उत्सव 18 मार्च से शुरू हुआ है जो 29 मार्च तक जारी रहेगा। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि जो लोग इस स्क्रीनिंग का हिस्सा नहीं बन पाए, वे इन फिल्मों को ब्रिटिश काउंसिल के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और यूके में BFI प्लेयर पर ऑनलाइन निःशुल्क देख सकते हैं। यह वैश्विक पहल दुनिया भर के दर्शकों को ऐसी कहानियों से जुड़ने और उनका समर्थन करने के लिए प्रेरित करती है जो अक्सर मुख्यधारा के सिनेमा में पीछे छूट जाती हैं।

