Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Grand Independence Day Sale
search-icon-img
Advertisement

किसानों की हुंकार, जाम में जकड़ा चंडीगढ़

भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
चंडीगढ़ में किसानों के विरोध-प्रदर्शन के कारण सेक्टर-21 में लगा लंबा ट्रैफिक जाम।-ट्रिब्यून फोटो: रवि कुमार
Advertisement
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को किसानों के प्रदर्शन से चंडीगढ़ में भीषण जाम लग गया। सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड से मटका चौक तक निकाले गए रोष मार्च के दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों किसानों ने शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों बसें, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के एक साथ शहर में प्रवेश करने से दोपहर के समय सिटी ब्यूटीफुल की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शहर में कई घंटे जाम लगा रहा और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। किसान भारत-अमेरिका के प्रस्तावित व्यापार समझौते का विरोध कर रहे थे।

चंडीगढ़ में मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाकियू (एकता उग्राहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उग्राहां किसानों को संबोधित करते हुए।-ट्रिब्यून फ़ोटो : रवि कुमार
चंडीगढ़ में मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाकियू (एकता उग्राहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उग्राहां किसानों को संबोधित करते हुए।-ट्रिब्यून फ़ोटो : रवि कुमार

स्कूलों की छुट्टी और किसान मार्च का समय एक साथ होने से जाम की स्थिति और भी गंभीर हो गई। स्कूल बसें, निजी वाहन, दफ्तर से लौट रहे कर्मचारी और मरीजों को लेकर जा रहे वाहन लंबी कतारों में फंस गए। कई स्कूल बसें एक घंटे से अधिक समय तक जाम में खड़ी रहीं। उमस और लंबे इंतजार से बच्चे परेशान हो गए।

Advertisement

मध्य मार्ग, दक्षिण मार्ग, मटका चौक, सेक्टर-17, 18, 19, 20, 21, 22, 33 और 34 सहित कई प्रमुख रोड जाम रहे। 10 मिनट का सफर तय करने में लोगों को एक से दो घंटे का समय लगा। वैकल्पिक मार्गों पर भी वाहनों का इतना दबाव था कि वहां कोई राहत नहीं मिल सकी। अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात होने के बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।

Advertisement

किसानों को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि सरकार को किसी भी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार समझौते से पहले किसानों और कृषि क्षेत्र के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

Advertisement
×