सरकार की गलत नीतियों से किसान व आढ़ती परेशान : बजरंग गर्ग
पंचकूला के सेक्टर 20 में बृहस्पतिवार को व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कांफेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने की। इस बैठक में उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान...
पंचकूला के सेक्टर 20 में बृहस्पतिवार को व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कांफेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने की। इस बैठक में उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें कहा गया कि हरियाणा में 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर हो रही है। बजरंग गर्ग ने इसे किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला बयान बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान और आढ़ती बुरी तरह परेशान हैं। सरकार ने धान और बाजरा दोनों की एमएसपी पर खरीद नहीं की। धान का एमएसपी 2389 रुपये था, लेकिन किसान का धान 1500 से 1750 रुपये प्रति क्विंटल बिका। नमी के नाम पर 600-700 रुपये प्रति क्विंटल काटे गए। बाजरे का एमएसपी 2775 रुपये है, लेकिन बाजरा 1400 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है।
गर्ग ने कहा कि अब मंडियों में नरमा की खरीद शुरू हो गई है, एमएसपी 7860 रुपये होने के बावजूद नरमा 5000 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार झूठी घोषणाओं के बजाय आढ़तियों के माध्यम से एमएसपी पर अनाज की खरीद सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर व्यापार मंडल युवा प्रदेश प्रभारी राहुल गर्ग, प्रदेश सचिव दर्शन बंसल, अम्बाला जिला प्रधान निरू बढ़ेरा, प्रदेश प्रवक्ता राजीव गुप्ता, प्रदेश युवा सचिव कृष्ण कुमार, प्रदेश सहसचिव संजय मलिक, सुशील मित्तल, कृष्ण गुप्ता (पंचकूला), यमुनानगर जिला प्रधान अनिल भाटियां सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।

