न्यूजीलैंड वर्क वीजा के नाम पर नौ लाख का फ्रॉड, फर्जी एजेंट गिरफ्तार
पंचकूला में विदेश भेजने के नाम पर की जा रही ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए पंचकूला पुलिस ने एक शातिर फर्जी इमिग्रेशन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न्यूजीलैंड में वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर...
पंचकूला में विदेश भेजने के नाम पर की जा रही ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए पंचकूला पुलिस ने एक शातिर फर्जी इमिग्रेशन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न्यूजीलैंड में वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर एक पंचकूला निवासी से करीब 9 लाख रुपये की ठगी की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
पंचकूला वासी ने पुलिस उपायुक्त कार्यालय में दी गई शिकायत में बताया कि उसे किसी जानकार के माध्यम से मनदीप नामक व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली, जिसने खुद को न्यूजीलैंड वर्क वीजा का एजेंट बताया था। जून 2023 में दोनों की मुलाकात हुई, जिसके बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर पीड़ित से जरूरी दस्तावेज हासिल कर लिए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग प्रक्रियाओं और फीस का हवाला देकर विभिन्न समय पर पीड़ित से कुल 9 लाख रुपये वसूल लिए।
पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने उसे फर्जी जॉब लेटर और फर्जी हवाई टिकट भी दिखाए। लंबे समय तक झूठे आश्वासन देता रहा, लेकिन जब पीड़ित ने विदेश भेजने या पैसे लौटाने की बात कही तो आरोपी ने साफ मना कर दिया और संपर्क भी कम कर दिया। आरोपी ने अपना कार्यालय सेक्टर-17 सी, चंडीगढ़ में खोल रखा था, जिससे लोगों को उस पर भरोसा हो सके। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी मनदीप सिंह एक आदतन आरोपी है।

