ईएसआईसी मॉडल अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
बच्चों के लिए चित्रकला व कविता प्रतियोगिताएं हुईं, भर्ती मरीजों और अस्पताल स्टाफ को बांटे गए स्नैक्स व मिष्ठान
Chandigarh News : ईएसआईसी मॉडल अस्पताल, फेज-2, राम दरबार में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. निखिल कुमार हंसदा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
बच्चों ने चित्रकला और कविता में दिखाई प्रतिभा
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों के लिए विशेष चित्रकला और कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता के साथ देशभक्ति की भावना को भी अभिव्यक्त किया। बच्चों की प्रस्तुतियों और रचनाओं ने समारोह में उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों के साथ समारोह में उपस्थित अन्य बच्चों को भी उपहार और खाने-पीने की विशेष किट वितरित की गईं।
मरीजों और स्टाफ को भी उत्सव में किया शामिल
अस्पताल प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को भर्ती मरीजों और अस्पताल के स्टाफ के साथ भी साझा किया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा सभी स्टाफ सदस्यों को स्नैक्स वितरित किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और समाज कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।

