Encounter in Mohali: कबड्डी प्रमोटर हत्याकांड का मुख्य शूटर करन पाठक पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Encounter in Mohali: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में आधे घंटे चली मुठभेड़, SSP ने की पुष्टि
Encounter in Mohali: कबड्डी प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य शूटर करन पाठक उर्फ डिफॉल्टर शनिवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। यह मुठभेड़ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर इलाके में क्रिकेट स्टेडियम के पास गांव रूरखी खाम, एयरपोर्ट रोड पर हुई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई और लगभग आधे घंटे तक चली। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई।
6–7 राउंड फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
पुलिस ने बताया कि करन डिफॉल्टर के पास .30 बोर पिस्टल थी। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर 6 से 7 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 9 राउंड फायरिंग की। क्रॉस फायरिंग में करन को गोली लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस एनकाउंटर की पुष्टि मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने की है।
पुलिस कस्टडी से हुआ था फरार
जानकारी के मुताबिक, करन पाठक शुक्रवार रात सीआईए स्टाफ की हिरासत से फरार हो गया था। पुलिस उसे .30 बोर पिस्टल की रिकवरी के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान उसने सीने में दर्द होने का बहाना बनाया।
जब उसे इलाज के लिए खरड़ अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो उसने हथकड़ी से एक पुलिस मुलाजिम पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। इस हमले में पुलिस मुलाजिम जसपिंदर घायल हुआ था। करन के फरार होने के संबंध में खरड़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जबकि एनकाउंटर को लेकर अलग एफआईआर दर्ज की जा रही है।
छह से सात घंटे तक रहा फरार
एसएसपी के अनुसार, करन करीब 6 से 7 घंटे तक फरार रहा। शनिवार सुबह उसके मुल्लांपुर इलाके में होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में ट्रैप लगाया। घेराबंदी के दौरान करन ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
तीन जिलों की पुलिस टीमें थीं अलर्ट
करन के फरार होने के बाद उसकी तलाश में मोहाली, श्री फतेहगढ़ साहिब और रोपड़ रेंज की पुलिस टीमें जुटी हुई थीं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान करन को किसने और कैसे मदद दी।
15 दिसंबर 2025 को हुई थी राणा बलाचौरिया की हत्या
गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2025 को एसएएस नगर के सोहाना में आयोजित एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से खेल जगत के साथ-साथ पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

