पेट्रोल पंप पर भुगतान को लेकर विवाद : डीजल के 3500 रुपए मांगे तो भड़का चालक, पंप संचालक पर चढ़ाई कार
मोहाली के स्नेटा के लांडरा-बनूड़ रोड स्थित नानक फीलिंग स्टेशन पर डीजल के 3500 रुपये के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि भुगतान के लिए कहने पर कार चालक हरमीत सिंह ने पंप संचालक प्रितपाल सिंह पर...
मोहाली के स्नेटा के लांडरा-बनूड़ रोड स्थित नानक फीलिंग स्टेशन पर डीजल के 3500 रुपये के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि भुगतान के लिए कहने पर कार चालक हरमीत सिंह ने पंप संचालक प्रितपाल सिंह पर कार चढ़ा दी। पुलिस ने प्रितपाल सिंह के बयान पर तंगोरी निवासी हरमीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्रितपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई को हरमीत सिंह सफेद स्विफ्ट कार में डीजल डलवाने आया था। करीब 3500 रुपये का डीजल भरवाने के बाद उसने बीपीसीएल का स्मार्ट कार्ड दिया, लेकिन उससे भुगतान नहीं हो सका। पैसे मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, पंप मैनेजर पंकज कैडाल और अन्य कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने पर हरमीत सिंह ने तेज रफ्तार से कार चलाकर उसे टक्कर मार दी। इससे प्रितपाल सिंह की दोनों टांगों और दाहिने कंधे में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि कार पीछे करते समय उसने वहां खड़े ट्रक को भी टक्कर मार दी।
जांच के बाद दो धाराओं में केस
पुलिस जांच में शिकायतकर्ता के बयान और सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी हरमीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बरमा सिंह ने बताया कि प्रितपाल सिंह के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

