Crime News : पंचकूला में 6 करोड़ की हेरोइन बरामद, अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़; BCA ग्रेजुएट तस्कर गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से ड्रग मनी के रूप में 14 लाख रुपये की नकदी भी बरामद
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही पंचकूला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ड्रग मनी के रूप में 14 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है।
पाकिस्तान बॉर्डर से जुड़ा है कनेक्शन
डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के जलालाबाद निवासी 23 वर्षीय लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि नशे की यह खेप पाक सीमा के रास्ते भारत लाई गई थी। आरोपी लवप्रीत बीसीए ग्रेजुएट है और वर्तमान में चंडीगढ़ में रहकर ट्राइसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) में नशे की सप्लाई का जाल बिछा रहा था।
हफ्ते भर में सप्लाई करने की थी योजना
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का इरादा महज एक सप्ताह के भीतर इस भारी मात्रा में हेरोइन को ट्राइसिटी के अलग-अलग इलाकों में खपाने का था। वह युवाओं को अपना निशाना बना रहा था। डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी से बरामद 14 लाख रुपये की नकदी नशा बेचकर ही इकट्ठा की गई थी।
पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और अन्य कड़ियों को खंगालने में जुट गई है ताकि इस अंतरराष्ट्रीय रूट को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि तस्करी में शामिल अन्य नामों का खुलासा हो सके।

