Cold Wave : उत्तर भारत में हड्डियां जमा देने वाली ठंड, गुरुग्राम में सीजन का सबसे कम 0.6 डिग्री, चंडीगढ़ और दिल्ली 3 डिग्री के आसपास
चंडीगढ़ में इस सर्दी की सबसे ठंडी रात
उत्तर भारत में सोमवार को शीत लहर ने अपना सबसे सख्त रूप दिखाया। चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय जनजीवन ठिठुरता नजर आया। ठंडी हवाओं के साथ कई इलाकों में घना से बेहद घना कोहरा छाया रहा।
चंडीगढ़ में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई। शहर के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 2023 के बाद जनवरी का सबसे कम स्तर है। यह तापमान रविवार रात रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शनिवार रात शहर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रहा था।
हरियाणा में Gurugram गुरुग्राम प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा गिरकर महज 0.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। खुले क्षेत्रों में सुबह के समय सर्द हवाओं ने ठंड का असर और तीखा कर दिया।
मौसम विभाग की चेतावनी![]()
India Meteorological Department के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला जाए और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम रहे, तो शीत लहर की स्थिति मानी जाती है। तापमान 4 डिग्री या उससे कम होने पर स्थिति गंभीर मानी जाती है, जबकि 2 डिग्री या उससे नीचे पहुंचने पर भीषण शीत लहर घोषित की जाती है।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक रातें सर्द बनी रहेंगी, हालांकि दोपहर के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिलने की संभावना है। चंडीगढ़ में 2025 की सर्दियों में यह पहला मौका है, जब न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री तक पहुंचा है। पिछले साल जनवरी में चंडीगढ़ का सबसे कम तापमान 6 डिग्री रहा था, जबकि 2024 में 16 जनवरी को पारा 2.7 डिग्री तक गिर गया था।
येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने घने से बेहद घने कोहरे और शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जो अगले एक सप्ताह तक प्रभावी रहने की संभावना है। ट्राइसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड
राजधानी Delhi में भी सोमवार को कड़ाके की ठंड पड़ी। शहर के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2023 के बाद जनवरी का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जनवरी 2023 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री तक गिर गया था।
सुबह 8.30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान के 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। अगले दो दिन तक राजधानी में शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।

