Climate Change : जलवायु बदलाव से निपटने में समाज की भागीदारी जरूरी : प्रो. शेखर मंडे
आईआईएसईआर मोहाली का 20वां फाउंडेशन डे : दो दिवसीय समारोह का समापन, विज्ञान, इनोवेशन और पब्लिक एंगेजमेंट पर जोर
Climate Change : जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी समाधान के साथ समाज की सार्थक भागीदारी, संवाद और सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं। यह बात इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी के प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) शेखर सी. मंडे ने रविवार को आईआईएसईआर मोहाली में 20वें फाउंडेशन डे समारोह के दौरान कही। उन्होंने ‘क्लाइमेट चेंज-कनेक्टिंग साइंस विद सोसाइटी’ विषय पर व्याख्यान दिया।
प्रो. मंडे ने कहा कि विज्ञान बदलती जलवायु को समझने, जोखिमों का आकलन करने और संभावित प्रभावों की जानकारी देने में अहम भूमिका निभाता है। हालांकि, केवल वैज्ञानिक जानकारी से यह तय नहीं किया जा सकता कि समाज और समुदाय इन चुनौतियों का सामना कैसे करें। इसके लिए वैज्ञानिकों को लोगों के साथ सार्थक संवाद करना होगा।
उन्होंने कहा कि हाल में सामने आई जलवायु संबंधी आपदाएं इस चुनौती की गंभीरता को दर्शाती हैं। नेपाल में ग्लेशियर के ढहने और ध्रुवीय क्षेत्रों में बर्फ पिघलने जैसी घटनाएं जलवायु परिवर्तन के व्यापक प्रभावों की ओर संकेत करती हैं।
लोगों के अनुभवों को सुनना जरूरी
प्रो. मंडे ने कहा कि पब्लिक एंगेजमेंट केवल वैज्ञानिक जानकारी लोगों तक पहुंचाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसमें लोगों की बात और अनुभव सुनना, उनकी चिंताओं को समझना, विश्वास कायम करना और ऐसे फैसलों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना भी शामिल है, जिनका असर उनके जीवन और भविष्य पर पड़ता है।
उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में क्लाइमेट लिटरेसी को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों को क्षेत्रीय भाषाओं और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से समझाया जाना चाहिए।
समारोह में आईआईएसईआर मोहाली की एनुअल रिपोर्ट 2025-26 और ‘आईआईएसईआर मोहाली : अ ट्वेंटी-ईयर जर्नी (2006-2026)’ स्मारिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर पंजाब सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंड एनवायरनमेंट के सेक्रेटरी एवं आईएएस अधिकारी कमल किशोर यादव और आईआईएसईआर मोहाली के डायरेक्टर अनिल के. त्रिपाठी मौजूद रहे। केमिकल साइंस विभाग की साक्षी और मैथेमेटिक्स विभाग के अनिरुद्ध मिश्रा को पहला डॉ. मनमोहन सिंह फेलोशिप से सम्मानित किया गया।
इससे पहले प्रो. मंडे ने आईआईएसईआर मोहाली कैंपस में इनोवेशन लैब और पंजाब आधारित मौसम वेबसाइट ‘काका’ का उद्घाटन भी किया।

