Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Citizen Voice : चंडीगढ़ के भविष्य की बात अब जनता से, सांसद मनीष तिवारी की ‘चंडीगढ़ नेक्स्ट’ पहल

Citizen Voice: चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस शहर के विकास को लेकर एक अनोखी और सहभागी पहल शुरू करने जा रही है, जिस पर बीते कई महीनों से गंभीर मंथन किया जा रहा था। इस...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Citizen Voice: चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस शहर के विकास को लेकर एक अनोखी और सहभागी पहल शुरू करने जा रही है, जिस पर बीते कई महीनों से गंभीर मंथन किया जा रहा था। इस पहल का केंद्र बिंदु चंडीगढ़ के नागरिक हैं, जिनकी सक्रिय भागीदारी से शहर के लिए एक मजबूत और सार्थक संवाद प्रक्रिया स्थापित की जाएगी। इस मौके पर चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच एस लक्की भी मौजूद रहे।

नागरिकों के सुझावों के लिए साझा मंच

मनीष तिवारी ने बताया कि अक्सर शहर के लोग अपने-अपने सेक्टर से जुड़ी समस्याओं, जरूरतों और विकास से जुड़े सुझाव देना चाहते हैं, लेकिन उनके पास ऐसा कोई साझा मंच नहीं होता, जहां उनकी बात सीधे और व्यवस्थित तरीके से पहुंच सके। इसी सोच से ‘चंडीगढ़ नेक्स्ट’ नाम की वेबसाइट तैयार की गई है, जो नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच दोतरफा संवाद का सेतु बनेगी।

Advertisement

उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर लोग अपने सेक्टर से जुड़ी समस्याएं, अधूरे कार्य, बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे या ऐसे काम सुझा सकते हैं, जिन्हें सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना यानी एमपी लैड के तहत पूरा किया जा सकता है। इसके साथ ही नागरिक चंडीगढ़ के दीर्घकालिक भविष्य को लेकर भी अपने विचार साझा कर सकते हैं, जैसे मेट्रो परियोजना, ट्रैफिक समाधान, हरित क्षेत्र, शहरी ढांचा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सुझाव।

Advertisement

प्रशासन और एमपी लैड से होंगे काम

सांसद ने स्पष्ट किया कि जो सुझाव प्रशासन के दायरे में आते हैं, उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाकर अमल के लिए प्रयास किए जाएंगे, जबकि एमपी लैड से जुड़े प्रस्तावों को उसी योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उनका कहना है कि यह पहल केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं है, बल्कि शहर के भविष्य को सामूहिक सोच के साथ दिशा देने का प्रयास है।

नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वेबसाइट www.chdnext.com शुरू की गई है, जहां चंडीगढ़ का हर निवासी अपने सुझाव दर्ज कर सकता है और शहर को बेहतर बनाने की प्रक्रिया में सीधे जुड़ सकता है।

ट्रैफिक और कनेक्टिविटी पर दीर्घकालिक सोच जरूरी

ट्रैफिक के मुद्दे पर बात करते हुए मनीष तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ को तात्कालिक समाधान के साथ-साथ दीर्घकालिक सोच की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहर को 30 या 50 साल के परिप्रेक्ष्य में देखकर योजनाएं बनानी होंगी। बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए भविष्य में चंडीगढ़ में मेट्रो और फ्लाईओवर जैसी बड़ी आधारभूत संरचनाओं की आवश्यकता पड़ेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि फ्लाईओवर को लेकर मामला फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है, लेकिन इसके बावजूद शहर की तरक्की और बढ़ती आबादी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। चंडीगढ़ की जनसंख्या और आवाजाही दोनों में लगातार इजाफा हो रहा है और ऐसे में बेहतर कनेक्टिविटी भविष्य की अनिवार्य जरूरत बनती जा रही है। मनीष तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत दृष्टिकोण है कि आने वाले वर्षों में शहर को सुचारू रूप से चलाने के लिए मेट्रो और फ्लाईओवर जैसे विकल्पों पर गंभीरता से विचार करना होगा।

Advertisement
×