Omaxe City न्यू ईयर इवेंट में एंट्री को लेकर हंगामा, दर्शकों और सिक्योरिटी में झड़प्र
पंजाबी सिंगर Sukhbir की झलक पाने को शाम से ही लग गई थी लंबी लाइनें
न्यू चंडीगढ़ स्थित Omaxe सिटी में आयोजित तीन दिवसीय न्यू ईयर पूर्व संध्या कार्यक्रम के दौरान देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ लोगों को एंट्री नहीं मिली। दर्शकों और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच धक्का मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया।
ओमेक्स द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सोमवार रात पंजाबी सिंगर Sukhbir की प्रस्तुति थी। उनकी एक झलक पाने के लिए शाम छह बजे से ही एंट्री प्वाइंट पर लंबी कतारें लग गईं। ओमेक्स प्रवक्ता के अनुसार रात दस बजे तक आठ हजार से अधिक लोग कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर चुके थे। इसके बाद रात दस बजकर तीस मिनट पर एंट्री बंद कर दी गई।
एंट्री बंद होने के बाद कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि घने कोहरे के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके। बताया गया कि हिमाचल प्रदेश के दूरदराज इलाकों से आए कुछ दर्शकों को भी सिक्योरिटी ने कार्ड न होने के कारण रोक दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।
स्थिति की सूचना मिलते ही कंपनी के प्रेजिडेंट भूपेंद्र सिंह गुरुजी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिनके पास वैध कार्ड हैं, उन्हें शालीनता के साथ कार्यक्रम में प्रवेश दिया जाए और जिनके पास कार्ड नहीं हैं, उन्हें अंदर न आने दिया जाए। इसके बाद कार्डधारकों को प्रवेश मिल गया, लेकिन बिना कार्ड आए कुछ लोग हंगामा करते रहे।
ओमेक्स प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कंपनी की ओर से हर साल की तरह आमंत्रण कार्ड पहले से भेजे गए थे, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा था कि प्रवेश शाम छह बजे से होगा और बिना कार्ड एंट्री नहीं मिलेगी। प्रवक्ता के अनुसार केवल उन्हीं लोगों को रोका गया, जिनके पास कार्ड नहीं थे, जबकि कार्डधारकों को कार्यक्रम देखने की अनुमति दी गई।

