Chandigarh Voter List : कहीं वोटर लिस्ट से कट न जाए आपका नाम! 15 जून से घर-घर दस्तक देंगे बीएलओ, यह फॉर्म भरना हुआ अनिवार्य
मौजूदा मतदाताओं का भी होगा वेरिफिकेशन, 21 जुलाई को प्रकाशित होगी नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
Chandigarh Voter List : चंडीगढ़ में निवास करने वाले मतदाताओं के लिए एक अहम खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 के संदर्भ में फोटो मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण होने जा रहा है। इसके तहत आगामी 15 जून से बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया में मौजूदा मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म एकत्र किए जाएंगे। यह जानकारी मंगलवार को चंडीगढ़ के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने एक प्रेस वार्ता में दी।
फॉर्म भरना अनिवार्य, मिलेगी रसीद
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मौजूदा मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य है। यह फॉर्म संबंधित बीएलओ से या मतदाता पोर्टल के जरिए ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। फॉर्म जमा करने पर बीएलओ की ओर से एक हस्ताक्षरित रसीद दी जाएगी, जिसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखना होगा। वर्तमान में चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं की मैपिंग 72.29 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी है। घर-घर जाकर सत्यापन और फॉर्म एकत्र करने का यह कार्य 15 जून से शुरू होकर 14 जुलाई तक चलेगा।
नए वोट बनवाने का भी मिलेगा अवसर
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 21 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। यदि कोई पात्र नागरिक इस सूची में शामिल होने से वंचित रह गया है, तो वह दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान यानी 21 जुलाई से 20 अगस्त के बीच नए पंजीकरण के लिए फॉर्म नंबर 6 भर सकता है। इसी अवधि में मतदाता अपने विवरण में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 भी जमा कर सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर 1950 से मिलेगी मदद
किसी भी प्रकार की निर्वाचन सेवाओं से संबंधित सहायता के लिए नागरिक कार्य दिवसों में मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआई नेट मोबाइल ऐप और मतदाता पोर्टल पर बीएलओ के साथ कॉल रिक्वेस्ट बुक करने की सुविधा का भी लाभ उठाया जा सकता है। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और समय पर फॉर्म जमा करवाकर मतदाता सूची को शुद्ध बनाने में सहयोग की अपील की है।
