Chandigarh: श्री कुमार मेडिकल हॉल हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, जम्मू-कश्मीर से हुई थी गिरफ्तारी
Shri Kumar Medical Hall Murder Case: 13 जून को सेक्टर-11 स्थित मेडिकल स्टोर पर हुई फायरिंग में गई थी जांकी दास की जान; फरार होने की कोशिश के दौरान पुलिस ने चलाई गोली, तीसरा आरोपी अब भी फरार
Shri Kumar Medical Hall Murder Case: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई। घायल आरोपियों की पहचान आर्यन और सन्नी मेहरा के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल (जीएमएसएच) में भर्ती कराया गया है।
13 जून को दिनदहाड़े हुए हमले में मेडिकल स्टोर से जुड़े 45 वर्षीय जानकी दास की मौत हो गई थी। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने तीन दिनों तक चली सघन तलाश के बाद बुधवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र से आर्यन और सन्नी मेहरा को गिरफ्तार किया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात दोनों आरोपियों को चंडीगढ़ लाया गया। गुरुवार तड़के जब क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल की टीम उन्हें पूछताछ के लिए लेकर जा रही थी, तभी धनास जंगल रोड के पास आरोपियों ने कथित तौर पर फरार होने की कोशिश की।
सूत्रों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में एक तीसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। यह भी दावा किया जा रहा है कि सन्नी मेहरा ही कथित शूटर है, जिसने अत्याधुनिक हथियार से 13 राउंड फायर किए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी अभी बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

