Chandigarh Traffic Jam: चंडीगढ़ में पंजाब के किसानों का विरोध प्रदर्शन, यातायात प्रभावित, सेक्टर-34 से मटका चौक तक लंबा जाम
Chandigarh Traffic Jam: बीकेयू एकता उगराहां और बीकेयू (डकौंदा-धनेर) की रैली में पंजाबभर से पहुंचे किसान; केंद्र की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Chandigarh Traffic Jam: भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) और भारतीय किसान यूनियन (डकौंदा-धनेर) की ओर से शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित पंजाब की राज्यस्तरीय किसान रैली के चलते शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। सुबह से ही पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान, खेत मजदूर, युवा और महिलाएं बसों तथा अन्य वाहनों के जरिए चंडीगढ़ पहुंचे।
रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे किसानों के कारण सेक्टर-34 से सेक्टर-17 स्थित मटका चौक तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। इससे आम लोगों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी नीरज सरना की अगुवाई में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। प्रशासन की अनुमति के बाद विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई, जिससे कई मार्गों पर यातायात धीमा हो गया।
किसान संगठनों के नेताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों, अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौतों तथा किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों के विरोध में आयोजित किया गया है।
रैली की निगरानी किसान नेता शिंगारा सिंह मान, झंडा सिंह जेठूके और सुखदेव सिंह कोकरी कलां कर रहे हैं। किसान संगठनों की ओर से इस दौरान आगामी आंदोलन और संघर्ष की रणनीति का भी ऐलान किए जाने की संभावना जताई गई है।
रैली को देखते हुए प्रशासन पूरे दिन सतर्क रहा और पुलिस बल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

