Chandigarh Murder Case : 22 साल पुराने जमीन विवाद में युवती का कत्ल, 24 घंटे के भीतर दो किशोर दबोचे
चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : वारदात में प्रयुक्त खूनी चाकू बरामद, एसएसपी के निर्देशों पर थाना-39 पुलिस ने सुलझाई मर्डर की गुत्थी
चंडीगढ़ के सेक्टर-38ए में वीरवार दोपहर हुई युवती की सनसनीखेज हत्या के मामले को चंडीगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो किशोरों (नाबालिगों) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह पिछले 22 वर्षों से चला आ रहा एक जमीन विवाद था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी कंवरदीप कौर और एसपी सिटी के.एम. प्रियंका के दिशा-निर्देशों के तहत थाना-39 की टीम द्वारा अमल में लाई गई है।
सुलह की कोशिश का खौफनाक अंत
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-38 निवासी ऑटो चालक रवि कुमार ने बताया कि सेक्टर-38ए स्थित उनके दादा का मकान उनकी बहन टीना और जीजा रवि ने पिछले 22 वर्षों से अवैध रूप से कब्जा रखा है। इसी जमीन विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए वीरवार दोपहर करीब 3 बजे रवि की 21 वर्षीय बेटी तानिया, छोटी बेटी खुशी और भतीजा मानव उस मकान पर पहुंचे थे। वहां बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी कृष्णा ने तानिया की पीठ पर तेजधार चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फावड़े से किया हमला, कार पर भी किया पथराव
वारदात के दौरान जब तानिया लहूलुहान होकर गिर पड़ी, तो उसे बचाने आए मानव पर दूसरे आरोपी गगन ने लोहे के फावड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी यहीं नहीं रुके, उन्होंने पीड़ितों की स्विफ्ट कार पर भी जमकर पथराव किया। परिजन तानिया को तुरंत जीएमएसएच-16 अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी बहन, जीजा और उनके बेटों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत जान से मारने की नीयत से यह जानलेवा हमला किया था।
पुलिस की सक्रियता और आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ धीरज कुमार और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम दयाल के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम ने पलसोरा चौकी इंचार्ज एसआई कुलदीप सिंह के साथ मिलकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात के कुछ ही घंटों बाद दोनों नाबालिग आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 351(3), 190, 115(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किशोरों को सेक्टर-25 स्थित सुधार गृह भेज दिया गया है और मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

