Chandigarh PGI : अस्पताल में संक्रमण रोकने के लिए स्वच्छता जरूरी : पीजीआई में कर्मचारियों ने ली शपथ
कचरा प्रबंधन और जागरूकता पर जोर
Chandigarh PGI : स्वच्छ एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई) के न्यू ओपीडी परिसर में मंगलवार को स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा कर्मियों और सफाई कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली।
कचरा प्रबंधन और जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने न केवल अस्पताल परिसर और कार्यस्थल को साफ रखने का संकल्प लिया, बल्कि कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करने की भी शपथ ली। अधिकारियों ने कर्मचारियों से कहा कि वे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
संक्रमण नियंत्रण में स्वच्छता की भूमिका
संस्थान के अधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अस्पताल में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना किसी एक विभाग का नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता न केवल संक्रमण (Infection) को फैलने से रोकने में सहायक है, बल्कि यह मरीजों के जल्द स्वस्थ होने के लिए एक सकारात्मक वातावरण भी तैयार करती है। अंत में अधिकारियों ने सभी से अपील की कि वे अपने दैनिक व्यवहार में स्वच्छता को प्राथमिकता दें।

