Chandigarh One City One Pass : सेक्टर 22 से लॉन्च हुआ ‘एमसी वन पास’, अब पूरे शहर में एक ही पार्किंग पास
Chandigarh One City One Pass : चंडीगढ़ नगर निगम ने शहर की पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए सेक्टर 22 स्थित किरण सिनेमा के पास पार्किंग स्थल से ‘एमसी वन पास’ लॉन्च किया। इस पास के जरिए अब वाहन...
Chandigarh One City One Pass : चंडीगढ़ नगर निगम ने शहर की पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए सेक्टर 22 स्थित किरण सिनेमा के पास पार्किंग स्थल से ‘एमसी वन पास’ लॉन्च किया। इस पास के जरिए अब वाहन चालक नगर निगम द्वारा संचालित सभी पार्किंग स्थलों पर एक ही मासिक पास से पार्किंग सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
इस योजना का औपचारिक शुभारंभ मेयर हरप्रीत बबला ने किया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था 26 जनवरी से प्रभावी कर दी गई है और इसे पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लागू किया गया है।
नगर निगम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चार पहिया वाहनों के लिए मासिक वन पास की कीमत पांच सौ रुपये जबकि दोपहिया वाहनों के लिए ढाई सौ रुपये निर्धारित की गई है। इस पास की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वाहन चालक दिन में असीमित बार प्रवेश और निकास कर सकेंगे, इसके लिए हर बार अलग से शुल्क नहीं देना होगा।
‘एमसी वन पास’ क्यूआर कोड आधारित डिजिटल पास होगा, जिसे ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा। इसके लिए नगर निगम कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। इस प्रणाली से मैनुअल टिकटिंग समाप्त होगी और पार्किंग शुल्क वसूली में पारदर्शिता आएगी।
यह पास नगर निगम द्वारा संचालित सभी प्रमुख पार्किंग स्थलों में मान्य होगा, जिनमें सेक्टर 17, सेक्टर 22, सेक्टर 35, सुखना लेक पार्किंग, सेक्टर 17 मल्टी-लेवल पार्किंग और अन्य एमसी पार्किंग क्षेत्र शामिल हैं। इस परियोजना को बैंक ऑफ बड़ौदा के तकनीकी सहयोग से लागू किया गया है।
नगर निगम का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को सुविधा देना, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना, पार्किंग स्थलों पर लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और राजस्व प्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है।

