Chandigarh News: सिटी एम्पोरियम मॉल में नाइट गार्ड की संदिग्ध मौत, ड्यूटी के दौरान मिला शव
Chandigarh News: इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लेबॉय डिस्को में मरम्मत कार्य के बीच हुई घटना, फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी
Chandigarh News: चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित सिटी एम्पोरियम मॉल में शनिवार सुबह एक नाइट सिक्योरिटी गार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना मॉल की तीसरी मंजिल पर स्थित प्लेबॉय डिस्को की है, जहां इन दिनों मरम्मत का कार्य चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राधेश्याम मिश्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से यहां सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि राधेश्याम मिश्रा शुक्रवार रात करीब 8 बजे ड्यूटी पर आया था। उसकी ड्यूटी सुबह 8 बजे तक थी। शनिवार सुबह जब दूसरा गार्ड ड्यूटी संभालने के लिए पहुंचा तो उसने देखा कि अंदर का दरवाजा बंद है। इसके बाद उसने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला।
दरवाजा खोलने पर अंदर राधेश्याम मिश्रा मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

